हरीश रावत ने कांग्रेस के सभी पदों से दिया इस्तीफा, ED की कार्रवाई के बाद उठाया कदम

Harish Rawat Resigns: उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत (Harish Rawat) ने बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी में अपने सभी प्रमुख पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। यह फैसला उनके पूर्व OSD और PA चंदन सिंह जीना (Chandan Singh Jeena) पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद सामने आया है।

हरीश रावत ने कहा कि जीना पर हुई कार्रवाई से जुड़े तथ्यों का खुलासा आने वाले समय में होगा। उन्होंने अपने पूर्व सहयोगी को सज्जन, विनम्र और काम करने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि अगर ग्राम सेवकों की भर्ती में OMR शीट से छेड़छाड़ की गई है और इसके प्रमाण सामने आते हैं, तो ऐसे कथित दुस्साहसिक कृत्य के लिए वह खुद को शर्मिंदा महसूस करेंगे।

‘मुझे आरोप पर बिल्कुल विश्वास नहीं’

हरीश रावत (Harish Rawa) ने अपने बयान में कहा कि उन्हें लगाए गए आरोप पर बिल्कुल विश्वास नहीं है। उन्होंने उत्तराखंड की आगामी चुनावी राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि इस समय राज्य में चुनाव को लेकर काफी महत्वपूर्ण परिस्थितियां हैं।

रावत ने लिखा कि जब लोग उनसे चुनाव की तारीख पूछते थे तो वह मजाक में कहते थे कि चुनाव तब होंगे, जब CBI उनके दरवाजे पर दस्तक देने आएगी। उनके मुताबिक, इस बार उनके घर पर नहीं बल्कि उनके एक सहयोगी के घर पर दस्तक देकर एक नरेटिव बनाने का प्रयास किया गया है।

पार्टी की लड़ाई कमजोर नहीं करना चाहते

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे समय में अगर उनके किसी भी कृत्य से पार्टी के इस संघर्ष को कमजोरी मिलती है, तो वह ऐसा बिल्कुल नहीं चाहते।

इसी वजह से Harish Rawat ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उनके इस फैसले को उत्तराखंड कांग्रेस में चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

Also Read: नेशनल हाईवे पर फरवरी से शुरू होगी बैरियर-फ्री टोलिंग: नितिन गडकरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.