लखनऊ में फिर फूटा Gen Alpha का गुस्सा, शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतरीं छात्राएं, रोड जाम
Lucknow Gen Alpha Protest: लखनऊ में एक बार फिर छात्राओं का विरोध प्रदर्शन सुर्खियों में है। पारा स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय की छात्राएं सोमवार सुबह स्कूल की अव्यवस्थाओं के खिलाफ सड़क पर उतर आईं। भारी बारिश के बावजूद छात्राएं करीब ढाई किलोमीटर पैदल चलकर दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे तक पहुंचीं और सड़क पर धरने पर बैठ गईं।
छात्राओं के प्रदर्शन के कारण चौराहे पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़ी रहीं।
शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित, खाने को लेकर भी शिकायत
प्रदर्शन कर रही Gen-Alpha छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों की कमी (Teacher Shortage) बनी हुई है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विषयों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही।
छात्राओं ने विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि खाना ठीक नहीं मिलता और बीमार होने की स्थिति में उन्हें उचित इलाज भी नहीं मिल पाता। छात्राओं के मुताबिक इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
‘डीएम को बुलाओ’, मांग पूरी होने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं
सड़क पर धरना (Student Protest) शुरू होते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रशासन की ओर से छात्राओं को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्राएं मौके पर जिलाधिकारी (DM) को बुलाने की मांग पर अड़ गईं।
छात्राओं का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता और समाधान का भरोसा नहीं दिया जाता, तब तक वे प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगी।
भारी बारिश के बीच छात्राओं के सड़क पर उतरने से प्रशासन के सामने भी स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, छात्राओं की मुख्य मांग विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति और बुनियादी सुविधाओं (Basic Facilities) में सुधार की है।
Also Read: लखनऊ में शिक्षकों की कमी पर जेन-अल्फा छात्रों का प्रदर्शन, जाम में फंसे मंत्री असीम अरुण ने की बात

