लखनऊ में शिक्षकों की कमी पर जेन-अल्फा छात्रों का प्रदर्शन, जाम में फंसे मंत्री असीम अरुण ने की बात

Lucknow News: लखनऊ के पारा इलाके में शुक्रवार को सर्वोदय विद्यालय मोहान के छात्रों ने शिक्षकों की कमी समेत कई समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए छात्र सड़क पर आ गए, जिससे आगरा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाला रास्ता करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। इसी दौरान समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण की गाड़ी भी जाम में फंस गई।

मंत्री ने छात्रों को समझाकर स्कूल भेजा

जाम की सूचना पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद दोपहर 1:20 बजे सड़क खाली कराई जा सकी। इसके बाद विद्यालय प्रशासन की मदद से छात्रों को स्कूल के अंदर ले जाया गया। मंत्री असीम अरुण भी विद्यालय पहुंचे और छात्रों से बातचीत की।

प्रिंसिपल विनोद कुमार ने छात्रों से कहा कि अपनी समस्या सामने रखना अच्छी बात है, लेकिन सड़क जाम करना सही तरीका नहीं है।

शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप

विद्यालय में करीब 450 छात्र पढ़ते हैं। छात्रों का कहना था कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से कक्षाओं की पढ़ाई समय पर पूरी नहीं हो पा रही है। उन्होंने जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।

ऑडिटोरियम में छात्रों ने खेल सामग्री की कमी, बिजली की खराब व्यवस्था, लाइब्रेरी का इस्तेमाल नहीं होने और सफाई से जुड़ी समस्याएं भी बताईं। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में केमिस्ट्री शिक्षक की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। मंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

असीम अरुण ने कहा कि वे कन्नौज जाते समय जाम में फंसे थे। उन्होंने कहा, “जब पता चला कि आप लोगों ने जाम लगाया है तो देखकर बुरा लगा।” मंत्री ने बताया कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए पिछले साल अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन हाईकोर्ट की रोक के कारण मामला अटक गया। इस पर 17 अगस्त को सुनवाई है। उन्होंने कहा, “बच्चों की समस्या, हमारी समस्या है।”

Get real time updates directly on you device, subscribe now.