यूपी के 32 जिलों में लू का अलर्ट, बांदा 44.2°C के साथ देश में सबसे गर्म

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की तपिश और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। बुधवार को मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 32 जिलों में हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी करते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले पांच दिनों तक गर्मी का यह दौर और भी आक्रामक हो सकता है।

मौसम विभाग ने जिन जिलों में उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना जताई है, उनमें मुख्य रूप से पूर्वी और मध्य यूपी के जिले शामिल हैं।

प्रमुख जिले: प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, जौनपुर, गाजीपुर, बस्ती, गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली और लखीमपुर खीरी समेत 32 जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बांदा रहा देश का सबसे गर्म शहर

मंगलवार को यूपी का बांदा जिला 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे देश में सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। इसके अलावा 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सुलतानपुर और प्रयागराज देश के सबसे गर्म टॉप-20 शहरों में शामिल रहे। राजधानी लखनऊ में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाओं के बावजूद पारा 40.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। गोरखपुर का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी गिरने से गर्मी और भी चुभने वाली हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अभी 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा। राहत की उम्मीद 26 अप्रैल से है। 26 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिसका असर पूरे प्रदेश के तापमान पर पड़ेगा। प्रचंड धूप और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने, अधिक से अधिक पानी पीने और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।

Also Read: योगी सरकार का बड़ा फैसला: मुख्यमंत्री आवास योजना की लिस्ट में हुआ बड़ा बदलाव, जानें किसे मिलेगा लाभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.