असम में फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंता बिस्वा सरमा, एनडीए विधायक दल ने सर्वसम्मति से चुना नेता

Sandesh Wahak Digital Desk: असम में सत्ता की तस्वीर एक बार फिर साफ हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमंता बिस्वा सरमा को असम विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का नेता चुन लिया गया है। वह 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

गुवाहाटी में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सह-पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल हुए।

बैठक के बाद जेपी नड्डा ने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने हिमंता बिस्वा सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

एनडीए के सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने भी सरमा के नाम का समर्थन किया।

Himanta Biswa Sarma

सूत्रों के मुताबिक, हिमंता बिस्वा सरमा एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रविवार देर शाम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।

गौरतलब है कि हालिया विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने दो-तिहाई बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की है।

126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि उसके सहयोगी दल AGP और BPF ने 10-10 सीटों पर जीत हासिल की। यह असम में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार होगी।

12 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के शीर्ष नेता और एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

हिमंता बिस्वा सरमा की ताजपोशी के साथ ही असम में एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का गठन तय हो गया है।

Also Read: मुख्यमंत्री बनते ही थलापति विजय ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिला सुरक्षा बल को दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.