Bareilly News: दहेज हत्या मामले में फरार चल रहे पति और सास गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की आंवला थाना पुलिस ने दहेज हत्या के सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी (पति) आकाश और उसकी मां (सास) कमलेश को उनके आवास से हिरासत में लिया। दोनों पर अपनी बहू की दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप है।

जानकारी के अनुसार, गत 7 जुलाई को मीरगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी राना सिंह ने आंवला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी 22 वर्षीय बहन नवली की शादी के बाद से ही उसका पति आकाश और ससुराल वाले 5 लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन (कार) की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने उसकी बहन की हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम (DP Act) की धारा 3/4 के तहत मामला (मु0अ0सं0 366/2026) पंजीकृत किया था।

अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आंवला थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र, महिला हेड कॉन्स्टेबल रेनू केशरवानी और कॉन्स्टेबल फैजान की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने गांव रामनगर स्थित मकान से अभियुक्त आकाश (24 वर्ष) और उसकी मां कमलेश (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी आंवला के पर्यवेक्षण में मामले की कानूनी विवेचना जारी है और पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: विश्व स्तनपान सप्ताह पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में माताओं को बताए गए मां के दूध के फायदे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.