‘जिन्होंने मेरी जिंदगी बर्बाद की उन्हें नहीं छोड़ूंगा’, तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: राजद नेता और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। तेज प्रताप ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब वे चुप नहीं बैठेंगे और जल्द ही उन 4-5 लोगों के नाम सार्वजनिक करेंगे, जिन्होंने उनके साथ साजिश रची।
तेज प्रताप ने कहा, “मैं डरने वाला नहीं हूं, मैं हर परिस्थिति का सामना करूंगा। बिहार की जनता ने देखा है कि कैसे पार्टी के कुछ लोगों ने मुझे बाहर करवाया। मेरे शांत स्वभाव का फायदा उठाकर मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है।”
‘मैं न्याय की लड़ाई जनता के बीच जाकर लड़ूंगा’
अपने बयान में तेज प्रताप ने साफ किया कि अब वे जनता के बीच जाकर न्याय की गुहार लगाएंगे। उन्होंने कहा कोई भी अपनी निजी ज़िंदगी में दखलंदाज़ी बर्दाश्त नहीं करेगा। मैं न्यायालय का भी दरवाज़ा खटखटाऊंगा और बिहार सरकार से मांग करता हूं कि मेरी सुरक्षा बढ़ाई जाए, क्योंकि मुझे अपनी जान को खतरा महसूस हो रहा है।
तेज प्रताप ने कहा कि उन्होंने अभी तक कभी किसी का नाम उजागर नहीं किया, लेकिन अब समय आ गया है कि सच्चाई सबके सामने लाई जाए। जिन लोगों ने मेरी ज़िंदगी को बर्बाद किया, अब उन्हें सामने लाना ज़रूरी है। उन्होंने आगे कहा, “माता-पिता का मैं आज भी सम्मान करता हूं और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनने के लिए आशीर्वाद देता हूं। उनके साथ मेरा समर्थन हमेशा रहेगा।”
क्यों हुए तेज प्रताप पार्टी से बाहर?
बताया जा रहा है कि हाल ही में तेज प्रताप ने फेसबुक पर अपनी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ 12 साल पुरानी प्रेम कहानी साझा की थी, जिसके बाद यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई। पार्टी के भीतर विवाद बढ़ा और अंततः लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया।
तेज प्रताप यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी उनके कई बयानों ने पार्टी को असहज किया है और गठबंधन में मतभेद पैदा हुए हैं। पार्टी से बाहर किए जाने को उन्होंने एक राजनीतिक साजिश बताया और कहा कि उन्हें जान का खतरा है। हालांकि फेसबुक पोस्ट के बाद तेज प्रताप ने सफाई दी थी कि उनका अकाउंट हैक हो गया था।
Also Read: ‘समाजवादी पार्टी अपने तुच्छ राजनीतिक स्वार्थ…’ सपा से निष्कासित विधायक राकेश प्रताप का तीखा हमला

