जालौन में IAS रिंकू सिंह राही के खिलाफ लेखपालों की हड़ताल, DM को सौंपा ज्ञापन

Jalaun News: जालौन में तैनात ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (SDM) IAS रिंकू सिंह राही एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए जिले के लेखपाल सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले भी रिंकू सिंह राही वकीलों के सामने उठक-बैठक करने और अचानक इस्तीफा देने जैसे मामलों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, जालौन के बैनर तले कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एसडीएम रिंकू सिंह राही सार्वजनिक रूप से कर्मचारियों का अपमान करते हैं, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं और बिना ठोस कारण कार्रवाई की धमकी देते हैं। उनका कहना है कि जनगणना, समाधान दिवस और अन्य सरकारी कार्यों के दौरान कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कराने का दबाव भी बनाया जाता है। साथ ही उच्च अधिकारियों के स्थानांतरण संबंधी आदेशों का पालन नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

लेखपालों का कहना है कि यदि उत्पीड़न नहीं रुका तो उनका अनिश्चितकालीन अवकाश जारी रहेगा। ज्ञापन पर कई लेखपालों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।

ब्लॉक प्रमुख भी लगा चुके हैं आरोप

विवाद सिर्फ लेखपालों तक सीमित नहीं है। ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने भी 23 जून को एसडीएम रिंकू सिंह राही पर निरीक्षण के दौरान अभद्रता, धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इस मामले की शिकायत डीएम से की है और कार्रवाई न होने पर राजभवन व हाईकोर्ट जाने की चेतावनी भी दी है।

डीएम राजेश पांडेय ने मामले की जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राय को सौंपी है।

IAS रिंकू सिंह राही ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कोल्ड स्टोरेज निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं की वजह से उनके खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख का दावा है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

Also Read: एटा में इंटर कॉलेज क्लर्क की हत्या, प्रिंसिपल के कार की डिक्की से मिला शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.