जालौन में भीषण सड़क हादसा: अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार के उड़े परखच्चे, 6 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक कार और अज्ञात वाहन की भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की जान चली गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार में सवार लोग घंटों केबिन में फंसे रहे। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
अयोध्या से लौटते समय ‘काल’ बनी झपकी
घटना सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे की है। ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के 10 सदस्यों के साथ अयोध्या दर्शन करने गए थे। पुलिस के अनुसार, दर्शन के बाद वापस लौटते समय जोल्हुपुर मोड़ के पास चालक को अचानक झपकी आ गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर अपने आगे चल रहे एक बड़े वाहन से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मदद के लिए एक घंटे तक तड़पते रहे घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार के केबिन में फंसे घायलों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि कुछ घायल करीब एक घंटे तक क्षतिग्रस्त कार के अंदर दबे रहे। कार में शशिकांत, कृष्णकांत, दीपक, हरिमोहन, भूषण, अंशुल, स्वामी प्रसाद, मनोज और देशराज सहित कुल 10 लोग सवार थे।
मेडिकल कॉलेज की संवेदनहीनता: तड़पते रहे मरीज, नहीं मिला वार्ड बॉय
हादसे के बाद प्रशासन और अस्पताल की बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई। जब एंबुलेंस गंभीर घायलों को लेकर उरई मेडिकल कॉलेज पहुंची, तो इमरजेंसी के बाहर कोई भी वार्ड बॉय या स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं था। करीब 10 मिनट तक घायल एंबुलेंस में ही तड़पते रहे। अंत में वहां मौजूद तीमारदारों और स्थानीय लोगों ने खुद हिम्मत दिखाकर मरीजों को बाहर निकाला और स्ट्रेचर खींचकर इमरजेंसी के अंदर पहुंचाया। कालपी कोतवाली पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पूरे महरौनी (ललितपुर) में मातम छा गया है।

