साई सुदर्शन की फिफ्टी से संभली भारत की पारी, लंच से पहले गिरा पहला विकेट

भारत ए और श्रीलंका ए के बीच दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 25 जून से गाले में खेला जा रहा है। मैच में भारत ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और आयुष पांडे ने शानदार शुरुआत दिलाई।

दोनों बल्लेबाजों ने संयम के साथ खेलते हुए 15वें ओवर में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। इस दौरान साई सुदर्शन ने 69 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि लंच से ठीक पहले आखिरी गेंद पर आयुष पांडे 25 रन बनाकर आउट हो गए। पहले सत्र की समाप्ति तक भारत ए का स्कोर 82 रन पर 1 विकेट था।

ट्राई सीरीज जीतने के बाद अब टेस्ट में भी नजरें

हाल ही में श्रीलंका में आयोजित ट्राई नेशन ए सीरीज में भारत ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में मेजबान श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि वह इस टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि वह इस समय सीनियर भारतीय टीम के साथ आयरलैंड दौरे पर हैं।

26 जून को उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।

इस टेस्ट सीरीज में कप्तान ध्रुव जुरेल के अलावा रुतुराज गायकवाड़, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, हर्ष दुबे, आकिब नबी डार और अंशुल कंबोज जैसे खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी। इनमें कुछ खिलाड़ी सीनियर भारतीय टेस्ट टीम से जुड़े रहे हैं, जबकि कुछ राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में यह सीरीज सभी खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

स्कोर अपडेट पर टिकी क्रिकेट प्रेमियों की नजर

भारत ए और श्रीलंका ए के इस अनौपचारिक टेस्ट मैच का भारत में कोई लाइव टेलिकास्ट नहीं किया जा रहा है। ट्राई नेशन ए सीरीज के दौरान वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता के कारण मैचों का प्रसारण हुआ था, लेकिन इस बार दर्शकों को केवल लाइव स्कोर अपडेट के जरिए ही मुकाबले की जानकारी मिल रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.