गाजा में फिर बरसे इजरायली बम, 2 बच्चों समेत 6 की मौत, एक पत्रकार भी हमले का शिकार
Israel Gaza War: गाजा पट्टी में एक बार फिर इजरायल के हवाई हमलों ने तबाही मचा दी है। शनिवार को हुए ताजा हमलों में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चे और अल जज़ीरा का एक कैमरामैन भी शामिल है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, कई अन्य लोग घायल हुए हैं और कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 2 बजे गाजा सिटी में एक रिहायशी अपार्टमेंट को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया। धमाके के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। घटनास्थल पर चारों ओर टूटे कंक्रीट, बिखरा सामान और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत
इस हमले में 4 वर्षीय ज़ीना और 14 वर्षीय लाना नाम की दो सगी बहनों की जान चली गई। दोनों के शवों को शिफा अस्पताल के मुर्दाघर में भेजा गया। परिवार के सदस्य मोहम्मद सफादी ने बताया कि हमला बिना किसी चेतावनी के हुआ। उन्होंने कहा कि उस समय परिवार घर के अंदर मौजूद था और उनकी पत्नी भी इस हमले में घायल हो गईं।
अल जज़ीरा के कैमरामैन की भी गई जान
शनिवार शाम को हुए तीन अलग-अलग हमलों में चार लोगों की मौत हुई। इनमें मध्य गाजा के बुरेइज शरणार्थी शिविर में एक घर पर हुआ हमला भी शामिल है। इस हमले में अल जज़ीरा के कैमरामैन अहमद विशाह की मौत हो गई। अल जज़ीरा ने भी उनकी मौत की पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि उनके भाई मोहम्मद विशाह, जो चैनल के रिपोर्टर थे, अप्रैल में एक अन्य हमले में मारे गए थे।
दक्षिणी गाजा के मुवासी इलाके में स्थित एक बड़े टेंट कैंप पर भी हमला किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई जबकि आठ अन्य घायल हो गए। वहीं गाजा सिटी में लोगों के एक समूह को निशाना बनाकर किए गए एक अन्य हमले में कई लोग घायल हुए हैं।
युद्धविराम के बावजूद जारी हैं हमले
फिलिस्तीनी अधिकारियों का कहना है कि युद्धविराम लागू होने के बाद भी गाजा में हमले रुक नहीं रहे हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक 1,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हमलों के कारण क्षेत्र में मानवीय संकट और गहरा होता जा रहा है।
Also Read: पाकिस्तान में सड़क किनारे दो आईईडी ब्लास्ट में 7 नागरिकों की मौत, कई घायल

