पाकिस्तानी पत्रकार ने जेल में बंद पूर्व पीएम इमरान खान की मौत का किया दावा

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। वरिष्ठ पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत एस. खान ने सरकार और सैन्य सूत्रों के हवाले से एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने आशंका जताई है कि अदियाला जेल में बंद देश के पूर्व प्रधानमंत्री और 73 वर्षीय पीटीआई संस्थापक इमरान खान की मृत्यु हो चुकी है।

पत्रकार का कहना है कि इसी वजह से प्रशासन न तो उनके परिवार को और न ही पार्टी नेताओं को उनसे मिलने की अनुमति दे रहा है। हालांकि, इमरान खान की स्थिति और इन दावों पर अभी तक पाकिस्तानी हुकूमत या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि अगस्त 2023 से जेल में बंद इमरान खान कई कानूनी मुकदमों का सामना कर रहे हैं। उनकी पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (PTI) लंबे समय से आरोप लगाती आ रही है कि जेल प्रशासन इमरान को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं दे रहा है, जिससे उनकी आंखों की गंभीर बीमारी समेत अन्य सेहत संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।

इमरान की सलामती को लेकर सड़कों पर उतरी PTI

इमरान खान की सेहत से जुड़ी खबरों और उनसे मिलने पर लगी रोक के विरोध में मंगलवार को पीटीआई समर्थकों ने पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के बाहर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने कहा कि देश अपने पूर्व प्रधानमंत्री की सलामती को लेकर बेहद चिंतित है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसी राजनीति के बिना इमरान खान के परिजनों और उनके निजी डॉक्टरों की उपस्थिति में उनकी जांच कराई जाए। बाद में सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार द्वारा मामलों की जल्द सुनवाई का भरोसा देने पर पार्टी ने अपना विरोध वापस लिया।

Also Read: जामिया में 11 नए कोर्स शुरू, 8 सितंबर तक आवेदन का मौका, IPU काउंसलिंग टली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.