TMC में बढ़ी अंदरूनी कलह : कल्याण बनर्जी बोले- ममता मुझे चुनें या अभिषेक को

West Bengal News : पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में अंदरूनी मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी ने राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके नेतृत्व और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह अब अभिषेक बनर्जी से जुड़े किसी भी कानूनी मामले की पैरवी नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें उनका रवैया पसंद नहीं है।

“अभिषेक मेरा अपमान नहीं कर सकते”

मीडिया से बातचीत के दौरान कल्याण बनर्जी ने कहा कि उन्होंने वकालत के क्षेत्र में 45 वर्षों तक काम किया है और आज कई बड़े नेता कभी उनके जूनियर के तौर पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में भी वह अभिषेक बनर्जी से वरिष्ठ हैं और ऐसे में उनका अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी के कारण पार्टी को चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि आज टीएमसी जिस स्थिति और चुनौतियों का सामना कर रही है, उसके लिए भी अभिषेक जिम्मेदार हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि वह किसी भी तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।

ममता बनर्जी से भी की अपील

टीएमसी सांसद ने इस मुद्दे पर पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी खुली अपील की। उन्होंने कहा कि यदि ममता बनर्जी भविष्य में भी केवल अभिषेक बनर्जी पर ही भरोसा करना चाहती हैं तो उन्हें उनके साथ ही आगे बढ़ना चाहिए।

कल्याण बनर्जी ने कहा, “मैं दीदी से कहना चाहता हूं कि अगर आप अभिषेक बनर्जी पर ही निर्भर रहना चाहती हैं तो उन्हीं के साथ रहिए, मुझे छोड़ दीजिए। लेकिन अगर आप उनसे अलग होती हैं तो मैं आपके साथ हूं। उन्होंने हमारी पार्टी को बर्बाद कर दिया है।”

कल्याण बनर्जी के इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकार इसे टीएमसी के भीतर बढ़ते असंतोष और गुटबाजी के संकेत के रूप में देख रहे हैं। पार्टी की ओर से फिलहाल इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.