हल्द्वानी मैदान में खरगे की रैली के बाद हुआ ‘शुद्धिकरण’, कांग्रेस ने कहा- दलित नेता का अपमान
Uttarakhand News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) की हल्द्वानी में हुई रैली के बाद उसी जगह कराए गए ‘शुद्धिकरण’ हवन को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस घटना को खरगे के दलित होने से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला है।
बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खरगे की रैली के बाद मैदान का ‘शुद्धिकरण’ कराना दलित समाज का अपमान है। वहीं भाजपा ने इस मामले से खुद को अलग करते हुए कहा कि आयोजन एक निजी संगठन ने कराया था और पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
खरगे की रैली के दो दिन बाद हुआ हवन
मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में ‘विजय शंखनाद रैली’ को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को स्थानीय धार्मिक संगठन श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास ने इसी मैदान में हवन-पूजन कराया।
समिति के सचिव राम अवस्थी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम को आयोजकों ने ‘शुद्धि हवन यज्ञ’ बताया। संगठन के सदस्य गिरीश चंद्र पांडे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सभा के दौरान कुछ इस्लामिक नारे लगाए गए और हिंदू संगठनों को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
आयोजकों का कहना है कि इसी के विरोध में मैदान की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा बहाल करने के उद्देश्य से हवन कराया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण यज्ञ भाजपा के इशारे पर कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि Mallikarjun Kharge के साथ इस तरह का व्यवहार केवल एक नेता का नहीं, बल्कि पूरे अनुसूचित जाति समाज का अपमान है।
वहीं भाजपा का कहना है कि धार्मिक संगठन का कार्यक्रम निजी था और पार्टी को इससे जोड़ना कांग्रेस की राजनीतिक कोशिश है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस बेवजह इस मुद्दे को सियासी रंग दे रही है।
अब ‘शुद्धिकरण’ को लेकर दोनों दलों के आमने-सामने आने से हल्द्वानी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
Also Read: जेल में आजम खान की हालत पर फूटा शिवपाल का गुस्सा, बोले- ‘सपा सरकार बनते ही गृहमंत्री बनेंगे’

