PM मोदी की बधाई पर भड़कीं कुनिका सदानंद, बोलीं- एक ही दिल है, कितनी बार तोड़ेंगे
Kunika Sadanand On PM Narendra Modi: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई बधाई सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गई है। शुक्रवार, 26 जून को पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मंत्री को शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने के उनके प्रयासों की सराहना की। लेकिन इसी पोस्ट के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया बहस तेज हो गई।
कुनिका सदानंद का तीखा बयान
अभिनेत्री और ‘बिग बॉस’ फेम कुनिका सदानंद ने पीएम मोदी की पोस्ट को री-शेयर करते हुए इसे “शर्मनाक” बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब NEET पेपर लीक और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण देशभर में गुस्सा है, तब प्रधानमंत्री का इस तरह का बधाई संदेश देना उचित है या नहीं। उन्होंने कहा कि “एक ही दिल है मोदी जी, कितनी बार तोड़ेंगे?”
NEET विवाद और इस्तीफे की मांग तेज
NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध जारी है। सोशल मीडिया से लेकर जंतर-मंतर तक छात्रों और अभिभावकों ने प्रदर्शन किया है। कई जगहों पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठ रही है। आरोप है कि पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।
हाल ही में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्रों की मौत और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं की जिम्मेदारी से वे खुद को अलग नहीं कर सकते। उन्होंने माना कि प्रणाली में गंभीर खामियां हैं और जांच जारी है। CBI इस मामले की जांच कर रही है और कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
बता दें कि इस पूरे मामले पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। कुछ लोग पीएम की बधाई को सामान्य प्रोटोकॉल मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे संवेदनहीनता बता रहे हैं। मामला अब सिर्फ शिक्षा विवाद नहीं, बल्कि राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है।

