लखनऊ में नकली पान मसाला बनाने वाले 2 गिरफ्तार, किराये के मकान में चल रहा था कारखाना

Lucknow News: लखनऊ के मड़ियांव इलाके में पुलिस ने नकली पान मसाला बनाने वाले कारोबार का खुलासा किया है। सिकरवार चौराहे के पास किराये के मकान में राजश्री, कमला पसंद, विमल, किशोर समेत कई ब्रांड के नाम पर नकली पान मसाला तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस, दो आरोपी पकड़े

इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, एसआई अखिलेश कुमार और कांस्टेबल रविन कुमार सीतापुर रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान KVN FMCG प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अंकित कुमार ने नकली पान मसाला बनाए जाने की सूचना दी।

पुलिस टीम ने मकान पर पहुंचकर गेट खुलवाया। अंदर मौजूद दोनों युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान रायबरेली के शिवगढ़ निवासी पवन साहू (30) और पिन्टू गुप्ता (45) के रूप में हुई है।

पैकिंग मशीन और नकली ब्रांड के रैपर मिले

तलाशी में 39.5 किलो तैयार मिश्रित पान मसाला, 5.5 किलो खुली तंबाकू और 600 ग्राम कत्था-चूना पाउडर बरामद हुआ। मौके से S-7, कमला पसंद, किशोर, राजश्री, राजश्री गोल्ड, ओजस्वी-2 और नो एंट्री समेत कई ब्रांड के पाउच, डिब्बे और रैपर मिले।

इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक पैकिंग मशीन, 10 मशीन पार्ट, रैपर चिपकाने वाला हीटर, सेंट की बोतलें और अन्य सामान बरामद हुआ।

स्कूटी से लखनऊ में करते थे सप्लाई

कंपनी प्रतिनिधि ने बताया कि पैकेट की सीलिंग और बैच कटिंग असली पैकिंग से अलग थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रैपर छपवाकर तैयार पान मसाले में सेंट मिलाते और मशीन से पैक करते थे। इसके बाद स्कूटी से अलग-अलग इलाकों में सप्लाई होती थी। मकान 7,500 रुपये महीने पर किराये पर लिया गया था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Also Read: लखनऊ पश्चिम के अहिरन खेड़ा में 2 करोड़ से सड़क-नाली निर्माण, पार्षद ने किया निरीक्षण 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.