Lucknow News: 138 NI एक्ट का वारंटी ‘चेक बाउंस’ का आरोपी दीपक वर्मा गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की महानगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले और चेक बाउंस के मामलों में वांछित एक शातिर वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियुक्त काफी समय से तारीखों पर पेश नहीं हो रहा था, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वारंट जारी किया था।
भीखमपुर पेपरमिल से हुई गिरफ्तारी
मंगलवार को थाना महानगर पुलिस की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर अभियुक्त दीपक वर्मा पुत्र राम प्रसाद को उसके निवास स्थान 539 ग/36 भीखमपुर पेपरमिल से गिरफ्तार किया।
अभियुक्त दीपक वर्मा के विरुद्ध अतिरिक्त न्यायालय (कोर्ट नंबर 1, लखनऊ) द्वारा पेशी पर उपस्थित न होने के कारण गैर-जमानती वारंट (NBW) निर्गत किया गया था। अभियुक्त के खिलाफ गोमतीनगर थाने से जुड़े वाद संख्या 113681/23, 113682/23 और 113683/23 में कार्रवाई लंबित थी।
अपराध का तरीका: चेक बाउंस का खेल
पुलिस जांच और दर्ज मामलों के अनुसार, 40 वर्षीय दीपक वर्मा लोगों से लेनदेन के मामले में चेक का सहारा लेता था। अभियुक्त लोगों से पैसे लेकर उन्हें चेक थमा देता था, जो बाद में बैंक में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस (138 NI Act) हो जाते थे। इसी धोखाधड़ी के चलते उसके खिलाफ कई विधिक प्रक्रियाएं चल रही थीं।
महानगर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
Also Read: Lucknow News: लोकभवन के सामने महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, मुस्तैद पुलिस ने बचाई जान

