जनता की आवाज बनेगी नागरिक समिति, बिजली बिल से लेकर ट्रैफिक जाम तक, अब हर समस्या का होगा समाधान
Lucknow News: नवाबों के शहर और उत्तर प्रदेश की राजधानी होने के बावजूद लखनऊ के आम नागरिक आज बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बिजली के गलत बिल, सड़कों के गड्ढे, जलभराव और घंटों लगने वाला ट्रैफिक जाम अब लखनऊ की पहचान बनते जा रहे हैं। इन तमाम समस्याओं और प्रशासन की बेरुखी के खिलाफ अब शहर के लोगों ने खुद मोर्चा संभालने का फैसला किया है।
लखनऊ के नागरिकों की समस्याओं को सुलझाने और उनकी आवाज शासन तक पहुँचाने के लिए लखनऊ नागरिक समिति का गठन किया गया है। शहर के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। लखनऊ नगर निगम (LMC), लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और जिला प्रशासन के चक्कर लगाकर लोग थक चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। आलम यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में भी राजधानी के फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भू-माफियाओं का बढ़ता दखल और प्रॉपर्टी डीलरों की मनमानी ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। इसी खाई को पाटने के लिए ‘लखनऊ नागरिक समिति’ एक मजबूत मंच के रूप में सामने आई है।
अप्रैल के दूसरे हफ्ते में होगी पहली बड़ी बैठक
समिति के संयोजक वी. प्रकाश ने बताया कि संस्था की पहली औपचारिक बैठक अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। इसके बाद हर 15 दिन में नियमित बैठकें होंगी ताकि शहर की समस्याओं पर लगातार नजर रखी जा सके।
इन मुद्दों पर रहेगा खास फोकस
संयोजक वी. प्रकाश ने पहली बैठक के मुख्य एजेंडे की भी जानकारी दी। निशातगंज की बाल्दा कॉलोनी (B-ब्लॉक) में सरकारी सड़क पर लंबे समय से जारी अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम और पुलिस की लापरवाही का मामला उठाया जाएगा। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की बदहाली पर प्रशासन को घेरा जाएगा। सरकारी पार्कों के निजी उपयोग और उनके बिगड़ते स्वरूप को भी सार्वजनिक संज्ञान में लाया जाएगा।
Also Read: Bareilly News: जिला पूर्ति कार्यालय में अचानक पहुंचे जिलाधिकारी, बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

