Lucknow News: किसान पथ पर 25 बीघा अवैध प्लॉटिंग और महानगर में अवैध निर्माण ध्वस्त
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अवैध रूप से पनप रहे रियल एस्टेट कारोबार और मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माणों पर लखनऊ विकास प्राधिकरण ने कड़ा प्रहार किया है। गुरुवार को LDA की प्रवर्तन टीमों ने शहर के दो अलग-अलग क्षेत्रों में ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
किसान पथ पर 25 बीघा अवैध कॉलोनी ढहाई (जोन-2)
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में PGI क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। यहां किसान पथ के पास कल्ली पश्चिम इलाके में डॉ. हलीम और उनके सहयोगियों द्वारा लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में बिना ले-आउट स्वीकृत कराए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर सड़क, बाउंड्री वॉल और अन्य अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
न्यू हैदराबाद में मानचित्र के विपरीत निर्माण ध्वस्त (जोन-6)
दूसरी कार्रवाई महानगर के न्यू हैदराबाद क्षेत्र में हुई, जहां स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन कर निर्माण कार्य किया जा रहा था। श्याम लाल की बगिया सतीश कुमार और अन्य द्वारा 200 वर्गमीटर के भूखंड पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया जा रहा था।
जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के अनुसार, इस मामले में विहित न्यायालय द्वारा पहले ही ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए जा चुके थे। सहायक अभियंता सतीश कुमार यादव और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध हिस्से को गिरा दिया।
Also Read: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, यूपी पुलिस में 81,000+ भर्तियां और हर तहसील में फायर स्टेशन

