Lucknow News: यूपी के 5 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत, 200 करोड़ रुपये लौटाएगा बिजली विभाग

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के स्मार्ट बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है।

स्मार्ट मीटर के नाम पर की गई अतिरिक्त वसूली की रकम अब उपभोक्ताओं को वापस की जाएगी। करीब 5 लाख उपभोक्ताओं से की गई यह अतिरिक्त वसूली 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिसे अब चरणबद्ध तरीके से लौटाने की तैयारी है।

यह मामला उपभोक्ता परिषद की शिकायत के बाद सामने आया था। सुनवाई के दौरान नियामक आयोग ने बिजली विभाग की अतिरिक्त वसूली पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उपभोक्ताओं को राशि लौटाने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने रिफंड प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है।

Smart Meter

प्रति उपभोक्ता 3,200 रुपये की अतिरिक्त वसूली

दरअसल, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के दौरान विभाग ने उपभोक्ताओं से 6,016 रुपये एकमुश्त वसूले थे, जबकि बाद में तय की गई वास्तविक दर 2,800 रुपये थी।

इस तरह प्रति उपभोक्ता करीब 3,200 रुपये अधिक वसूले गए, जिसे अब वापस किया जा रहा है।

कैसे हुई थी गड़बड़ी

सितंबर 2025 में बिजली विभाग ने नए कनेक्शन स्मार्ट मीटर के साथ प्री-पेड मोड में देने का आदेश जारी किया था। उस समय स्मार्ट मीटर की कोई अधिकृत दर तय नहीं थी। इसी दौरान विभाग ने 6,016 रुपये की वसूली शुरू कर दी।

बाद में 31 दिसंबर 2025 को उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने कॉस्ट डाटा बुक जारी कर स्मार्ट मीटर की कीमत 2,800 रुपये निर्धारित की।

आयोग के निर्देश के बाद शुरू हो रहा रिफंड

उपभोक्ता परिषद की याचिका पर सुनवाई करते हुए नियामक आयोग ने अतिरिक्त वसूली गई राशि लौटाने के निर्देश दिए थे और अप्रैल 2026 से रिफंड की बात कही थी।

प्रक्रिया में कुछ देरी के बाद अब मई 2026 से रिफंड शुरू किए जाने की तैयारी है।

कैसे मिलेगी वापसी की रकम

अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि राशि एकमुश्त लौटाई जाएगी या किस्तों में। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्री-पेड मीटर को पोस्टपेड में बदलने के निर्देशों को देखते हुए संभावना है कि उपभोक्ताओं के आने वाले बिजली बिलों में समायोजन कर राशि लौटाई जाए।

प्रदेशभर में ऐसे पांच लाख से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ता हैं, जिनसे अतिरिक्त वसूली हुई थी। बिजली विभाग के इस फैसले से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Also Read: Bareilly News: अफीम के साथ स्कूटी सवार दो तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.