Lucknow: पुलिस ने काटा चालान, गुस्साए लाइनमैन ने काट दी थाने-चौकियों की बिजली, मचा हड़कंप
Lucknow News: लखनऊ में ट्रैफिक पुलिस और बिजली विभाग के बीच विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। हेलमेट न पहनने पर एक संविदा बिजलीकर्मी का ₹6 हजार का चालान काटे जाने के बाद नाराज कर्मचारियों ने नगराम थाना और दो पुलिस चौकियों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बिजली बहाल कराई गई और चालान वापस लेने के निर्देश भी दिए गए।
चालान के बाद बिजली विभाग ने उठाया बड़ा कदम
जानकारी के मुताबिक, लेसा (LESA) के समेसी उपकेंद्र पर तैनात संविदाकर्मी अमरेंद्र, दीपक और शत्रोघन लाल सोमवार शाम हाईटेंशन लाइन की पेट्रोलिंग पर निकले थे। Lucknow के नगराम-निगोहा मार्ग पर चेकिंग के दौरान दरोगा अनुज भाटी ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे कर्मचारी का ₹6 हजार का चालान कर दिया।
चालान से नाराज कर्मचारियों ने संबंधित पुलिस संस्थानों के बिजली बिल का रिकॉर्ड खंगाला। विभागीय आंकड़ों में नगराम थाने पर करीब ₹3.5 लाख और हरदोइया पुलिस चौकी व देवीखेड़ा पुलिस बूथ पर लगभग ₹1.5-1.5 लाख का बकाया मिला। इसके बाद शाम करीब 6:18 बजे तीनों स्थानों की बिजली आपूर्ति काट दी गई।
देर रात तक अंधेरे में रहा थाना
बिजली गुल होने के बाद पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही चालान काटने वाले दरोगा को फटकार लगाई गई और चालान वापस कराने के निर्देश दिए गए।
इस बीच बिजली काटने वाले संविदाकर्मी का मोबाइल बंद हो गया, जिससे संपर्क करना मुश्किल हो गया। आखिरकार समेसी उपकेंद्र के जेई आशीष कुमार ने दूसरी टीम भेजकर देर रात बिजली आपूर्ति बहाल कराई। तब तक थाना और दोनों पुलिस चौकियां कई घंटे अंधेरे में रहीं।
यह पहली बार नहीं है जब ऐसा विवाद सामने आया हो। इससे पहले 2019 में Lucknow के मलिहाबाद और 2020 में गोमती नगर व आशियाना क्षेत्र में भी चालान से नाराज बिजलीकर्मियों द्वारा पुलिस प्रतिष्ठानों की बिजली काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
Also Read: अलीगंज अग्निकांड: अवैध इमारत पर चला LDA का बुलडोजर, दोषी इंजीनियरों पर भी बर्खास्तगी की तलवार

