रोक-टोक से नाराज 16 साल के बेटे ने की पिता की हत्या, फिर मेट्रो के आगे कूदकर दी जान
Noida News: नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 16 साल के एक नाबालिग ने कथित तौर पर सोते समय अपने 45 वर्षीय पिता राजू शर्मा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता ने बेटे के बाहर आने-जाने पर रोक लगा रखी थी और 11वीं के बाद उसकी पढ़ाई भी छुड़ा दी थी।
हत्या के बाद पिता को दी श्रद्धांजलि
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद नाबालिग ने खून से सने कपड़े उतारकर साफ कपड़े पहने। उसने कमरे में पिता की फोटो लगाई और उस पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कमरे में ताला लगाकर पिता का मोबाइल और बैग लेकर मेट्रो स्टेशन पहुंचा। कुछ देर वहां घूमने के बाद सुबह करीब 7 बजे ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
नाबालिग के बैग से पुलिस को पिता का मोबाइल और कमरे की चाबी मिली। मोबाइल में उसकी मां रूबी का नंबर था। पुलिस ने उन्हें बुलाया। इसके बाद नाबालिग के चाचा अरुण शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि राजू भी लापता हैं।
कमरे में मिली पिता की लाश
पुलिस मां और चाचा को लेकर राजू के कमरे पर पहुंची। चाबी से ताला खोलने पर अंदर राजू का शव मिला। कमरे से तेज बदबू आ रही थी। दीवारों पर खून के निशान और नाबालिग के खून से सने कपड़े मिले। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए और कपड़ों को जांच के लिए लैब भेजा है।
राजू शर्मा मूल रूप से बोकारो स्टील सिटी के रहने वाले थे। वह 2005 में पत्नी के साथ नोएडा आए थे। 12 साल पहले उनका तलाक हो गया था। उन्होंने M.Com किया था और बच्चों को ट्यूशन के साथ ऑनलाइन पढ़ाते थे।
Also Read: लखनऊ में शिक्षकों की कमी पर जेन-अल्फा छात्रों का प्रदर्शन, जाम में फंसे मंत्री असीम अरुण ने की बात

