लखनऊ में सपा का प्रदर्शन, फैंटा की बोतलें लेकर पहुंचे कार्यकर्ता, पुलिस ने घसीटकर बस में बैठाया
Lucknow SP Protest: गोंडा के विनोद सहनी की हत्या के विरोध में शुक्रवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हजरतगंज चौराहे पर जुटे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और फैंटा की बोतल लेकर पहुंचे थे। उनका आरोप था कि सोशल मीडिया पोस्ट के विवाद में विनोद सहनी की हत्या कर दी गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि निषाद समाज के युवक की हत्या के बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है।
पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें रोकने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। करीब 40 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच खींचतान चलती रही। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथ से फैंटा की बोतलें भी ले लीं।
प्रदर्शन के कारण हजरतगंज चौराहे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस से इको गार्डन भेज दिया।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शनकारी राज साहनी ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और भाजपा सरकार PDA को कमजोर करना चाहती है।
राज साहनी ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ रही है। उन्होंने सत्ता में बैठे संजय निषाद पर भी अपने समाज को न्याय नहीं दिला पाने का आरोप लगाया।

