लखनऊ में आयुर्वेद इंटर्न का Gen-Z अंदाज में प्रदर्शन, बोले- ‘मेहनत बराबर तो स्टाइपेंड कम क्यों?’

Ayurveda Interns Student Protest: लखनऊ में आयुर्वेद इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शुक्रवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जुटे और सरकार से लंबे समय से लंबित मांग पर जल्द फैसला लेने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में लगे पोस्टरों में Gen-Z अंदाज भी देखने को मिला।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग मौजूदा 7,500 रुपये के मासिक स्टाइपेंड (Stipend) को बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की है। छात्रों का कहना है कि वर्ष 2011 से 2026 तक उनके स्टाइपेंड में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं हुई, जबकि इसी दौरान MBBS और BDS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाया जा चुका है।

‘करीब 250 रुपये रोज मिलते हैं, खर्च निकालना मुश्किल’

Ayurveda Intern डॉ. प्रखर ने कहा कि छात्र NEET पास करने के बाद इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेते हैं। साढ़े चार साल की पढ़ाई के बाद एक साल की इंटर्नशिप करनी होती है। उनका कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान छात्र मरीजों की देखभाल के साथ अस्पताल के कई कामों की जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें अब भी सिर्फ 7,500 रुपये मिलते हैं।

छात्रों के मुताबिक, मौजूदा राशि करीब 250 रुपये प्रतिदिन बैठती है। कई इंटर्न किराये पर कमरा लेकर रहते हैं, ऐसे में किराया और रोजमर्रा का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। छात्रों ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में महंगाई काफी बढ़ी है, लेकिन उनका स्टाइपेंड वहीं का वहीं है।

‘मेहनत बराबर तो स्टाइपेंड भी बराबर हो’

प्रदर्शनकारी छात्रों (Ayurveda Interns Student Protest) ने कहा कि एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड प्रदर्शन के बाद 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया गया था। ऐसे में आयुर्वेद इंटर्न के लिए भी 25 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड तय किया जाना चाहिए।

छात्रों का कहना है कि वे किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि अपनी मेहनत और जिम्मेदारी के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड चाहते हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की।

Also Read: लखनऊ में चोरी के शक में दो युवकों को नंगा कर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.