लखनऊ अग्निकांड पर बड़ा एक्शन: LDA ने 18 इंजीनियरों और अफसरों को ठहराया जिम्मेदार
Lucknow Fire Case: लखनऊ के अलीगंज स्थित एनिमेशन सेंटर अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मामले की प्रारंभिक जांच पूरी करते हुए तत्कालीन विहित प्राधिकारी, पांच जोनल अफसरों समेत कुल 18 इंजीनियरों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेज दी है।
LDA उपाध्यक्ष ने मामले से जुड़ी फाइलों की स्वयं समीक्षा की। जांच में यह देखा गया कि संबंधित भवन किसे आवंटित किया गया था, उसका नक्शा कब पास हुआ और बाद में वहां हुए निर्माण की निगरानी किस स्तर पर की गई। जांच में सामने आया कि जिस भवन का मानचित्र केवल आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत था, वहां लंबे समय से बहुमंजिला व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
अवैध निर्माण पर नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि विभिन्न स्तरों पर तैनात अधिकारियों ने मानचित्र उल्लंघन और अवैध निर्माण के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी लापरवाही के चलते भवन में नियमों के विपरीत गतिविधियां वर्षों तक चलती रहीं।
जांच रिपोर्ट में तत्कालीन विहित प्राधिकारी दुर्गेश श्रीवास्तव की भूमिका को भी गंभीर माना गया है। रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने वर्ष 2016 में भवन के खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया था, लेकिन बाद में निर्माणकर्ता के आवेदन पर यह आदेश वापस ले लिया गया। रिपोर्ट में सवाल उठाया गया है कि आदेश निरस्त होने के बाद भवन की स्थिति और उसके उपयोग की दोबारा जांच क्यों नहीं कराई गई।
18 अधिकारियों पर कार्रवाई की संस्तुति
LDA ने जिन अधिकारियों और अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है, उनमें तत्कालीन विहित प्राधिकारी के अलावा प्रवर्तन जोन-4 में तैनात रहे पांच जोनल अफसर, छह सहायक अभियंता और छह अवर अभियंता शामिल हैं।
जिन अधिकारियों के नाम रिपोर्ट में शामिल
जोनल अधिकारी (अधिशासी अभियंता):
- अवनीन्द्र सिंह
- बी.पी. मौर्या
- पी.सी. पांडेय
- आनंद मिश्रा
सहायक अभियंता:
- सुनील कुमार
- गिरीश चंद्र शर्मा
- अमर कुमार मिश्रा
- आर.एस. सिंह
- अनिल कुमार
- संजय शुक्ला
अवर अभियंता:
- जय प्रकाश नारायण
- रवींद्र कुमार श्रीवास्तव
- ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव
- प्रमोद पांडेय
- अम्बरीश कुमार शर्मा
- शिवानंद शुक्ला
- हेमंत कुमार (निलंबित)
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को पूरी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अब शासन स्तर पर रिपोर्ट की समीक्षा के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया जाएगा।
Also Read: Lucknow News: अलीगंज अग्निकांड के बाद जागा एलडीए, बिल्डिंग को गिराने का दिया आदेश

