15 मौतों के बाद हरकत में UP सरकार, खान सर की कोचिंग समेत 100 से अधिक संस्थानों पर ताला
UP News: लखनऊ के अलीगंज स्थित एनिमेशन सेंटर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद योगी सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू कर दी गई है। इस अभियान के तहत अब तक 100 से अधिक कोचिंग संस्थानों को सील किया जा चुका है। इनमें प्रयागराज स्थित चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान भी शामिल है।
UP के कई जिलों में प्रशासन, अग्निशमन विभाग, विकास प्राधिकरण और विद्युत सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमें सुरक्षा मानकों की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकास, भवन मानचित्र, पार्किंग और एनओसी समेत कई बिंदुओं पर खामियां मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
प्रयागराज में खान सर की कोचिंग पर कार्रवाई
प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने सिविल लाइंस स्थित खान ग्लोबल स्टडीज को सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक संस्थान में भवन और सुरक्षा मानकों से जुड़े नियमों की जांच की गई थी। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि शहर के 97 पंजीकृत कोचिंग संस्थानों में से केवल 15 के पास ही फायर एनओसी है। अब 10 विशेष टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं।
कानपुर में बेसमेंट बने क्लासरूम
कानपुर के शैक्षणिक हब काकादेव में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। यहां 30 से अधिक कोचिंग संस्थानों को सील किया गया। जांच में सामने आया कि कई संस्थानों ने पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट को क्लासरूम में बदल दिया था, जहां सैकड़ों छात्र पढ़ाई कर रहे थे। अधिकारियों ने इसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना।
वाराणसी, मिर्जापुर और अन्य जिलों में भी कार्रवाई
वाराणसी विकास प्राधिकरण और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने कई कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। कई जगह अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संस्थानों को सील किया गया। मिर्जापुर में भी करीब एक दर्जन कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई हुई है। जौनपुर और चंदौली समेत अन्य जिलों में भी जांच अभियान जारी है।
लखनऊ हादसे के बाद सरकार सख्त
गौरतलब है कि लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य झुलस गए थे। इस घटना ने कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद सरकार ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा ऑडिट और अवैध रूप से संचालित संस्थानों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है।
कार्रवाई की 5 बड़ी बातें
- यूपी में 100 से अधिक कोचिंग संस्थान सील
- प्रयागराज में खान ग्लोबल स्टडीज पर भी कार्रवाई
- कानपुर में 30 से ज्यादा संस्थान बंद
- कई जगह बिना फायर NOC के चल रही थीं कोचिंग
- पूरे प्रदेश में सुरक्षा जांच अभियान जारी
Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोले कथावाचक अनिरुद्धाचार्य, सरकार काम नहीं करती, इसलिए बंदूक उठानी पड़ी

