लखनऊ में जाली नोटों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, करीब 14 लाख की नकली करेंसी के साथ तीन शातिर गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना पुलिस ने देश की अर्थव्यवस्था को भारी चपत लगाने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नकली नोटों की तस्करी और उसे असली नोटों से बदलने वाले तीन शातिर तस्करों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 500 और 100 रुपये के नोटों की कुल 84 गड्डियां बरामद हुई हैं, जिनकी कुल कीमत 13 लाख 95 हजार 600 रुपये (जाली करेंसी) आंकी गई है।

मड़ियांव पुलिस की टीम सोमवार को जब प्रधान मैरिज लॉन चौराहे के पास संदिग्धों की चेकिंग और गश्त पर थी, तभी एक मुखबिर ने सूचना दी कि घैला पुल के पास एक खाली मैदान में बने टीन शेड के नीचे तीन युवक भारी मात्रा में नकली नोट लेकर किसी डीलर का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए बताए गए स्थान पर दबिश दी और तीनों आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान आलोक सिंह, सोनू गौंड उर्फ गोलू और बृजेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। ये तीनों ही आरोपी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

गिरफ्तार किए गए तस्करों के कब्जे से 500 रुपये के 1402 जाली नोट (14 गड्डियां) और 100 रुपये के 6946 जाली नोट (70 गड्डियां) बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने जुर्म का तरीका कुबूल करते हुए बताया कि वे बाजार में नकली नोटों को असली नोटों से खपाने का काम करते थे। इस अवैध धंधे के बदले उन्हें मोटा कमीशन मिलता था, जिससे वे अपने महंगे शौक पूरे करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मास्टरमाइंड्स और साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

लखनऊ में जाली नोटों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़

पकड़ने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम

आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें तस्कर सोनू गौंड के खिलाफ आजमगढ़ के मुबारकपुर थाने में पहले से ही गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। मड़ियांव पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 179/180 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) ने मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानन्द मिश्र और उनकी जांबाज टीम को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Also Read: यूपी चुनाव 2027 के लिए राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने बहराइच सदर सीट से अनुज पांडे को बनाया प्रत्याशी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.