भवानीपुर में ममता बनर्जी की शर्मनाक हार, शुभेंदु अधिकारी ने 15 हजार वोटों से चटाई धूल
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने पूरे देश को चौंका दिया है। राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर में मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक बार फिर ‘जायंट किलर’ साबित होते हुए ममता बनर्जी को उनके ही गढ़ में 15,114 से अधिक वोटों के अंतर से हरा दिया है।
शुभेंदु अधिकारी का तीखा हमला
जीत का प्रमाण पत्र हासिल करने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और उनकी तुष्टीकरण की राजनीति पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा मुसलमानों का एक वोट हमें नहीं मिला, उन्होंने खुलकर ममता के पक्ष में मतदान किया। वार्ड नंबर 77 इसका गवाह है। लेकिन हिंदुओं, सिखों, जैनों और बौद्धों ने मुझे आशीर्वाद दिया। शुभेंदु ने इस जीत को हिंदुत्व और एकजुटता की जीत करार देते हुए कहा कि यह ममता बनर्जी की सक्रिय राजनीति से विदाई का संकेत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल के भविष्य के लिए ममता बनर्जी को हराना बेहद जरूरी था।
अखिलेश यादव का पलटवार
ममता बनर्जी की हार पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस हार को ‘जनमत की खुली लूट’ करार दिया। अखिलेश ने ‘एक्स’ पर लिखा कि मतगणना में केंद्रीय बलों का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में वैसा ही घपला हुआ है जैसा 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में कन्नौज समेत कई जगहों पर किया गया था। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए “घोर निंदनीय” बताया।
2021 की यादें ताजा
बता दें कि 2021 के चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर मात दी थी। इस बार ममता ने अपने पुराने गढ़ भवानीपुर से चुनाव लड़ने का फैसला किया था, लेकिन यहाँ भी शुभेंदु ने उन्हें बड़े अंतर से पटखनी देकर बंगाल की सियासत में नया अध्याय लिख दिया है।
Also Read: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का बड़ा एलान, यूपी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था हुई रद्द

