वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट, पूरा मकान ढहा, मलबे में दबे 6 लोग!

Varanasi Firecracker Factory Blast: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पचकोशी स्थित पैगंबरपुर में गुरुवार शाम कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि पटाखा कारोबारी राजू खान का मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। पास के मकान को भी नुकसान पहुंचा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में करीब छह लोगों के दबे होने की आशंका है। इनमें राजू खान की मां भी शामिल बताई जा रही हैं।

हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान में पटाखे बनाने या उनके भंडारण का काम किए जाने की आशंका है। बचाव दल सावधानी से मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट (Varanasi Firecracker Factory Blast) के समय मकान में कितने लोग मौजूद थे और हादसे में कितनी जनहानि हुई है।

पटाखा फैक्ट्री के वैध होने या अवैध रूप से संचालित किए जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। विस्फोट की वास्तविक वजह भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घनी आबादी वाले इलाके में हुए इस धमाके के बाद पटाखों के निर्माण और भंडारण की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि मकान में किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, कारोबारी के पास जरूरी लाइसेंस था या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

यदि अवैध कारोबार की पुष्टि होती है, तो संबंधित विभागों की निगरानी और संभावित लापरवाही की भी जांच की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। विस्फोट (Varanasi Firecracker Factory Blast) के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Also Read: कानपुर में चोरी के शक में महिला को 3 दिन तक चौकी में बैठाकर जूतों-डंडों से पीटा, परिजनों का हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.