सेलेक्टर्स पर भड़के मोहम्मद शमी, कहा- ‘रणजी खेल सकता हूं तो ODI क्यों नहीं…’

Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक बड़ा बयान देकर चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे और टी20 टीम में जगह न मिलने पर शमी ने अपनी फिटनेस को मुद्दा बनाए जाने पर कड़ा विरोध जताया है।

उन्होंने साफ कहा कि वह पूरी तरह फिट हैं और किसी भी प्रारूप में खेलने के लिए तैयार हैं।

Mohammed Shami

फिटनेस पर उठाए सवालों का शमी ने दिया जवाब

शमी ने कहा कि टीम प्रबंधन की ओर से कभी भी उनकी फिटनेस पर बात करने के लिए संपर्क नहीं किया गया। उन्होंने कहा:

“भारतीय टीम ने मुझसे फिटनेस को लेकर एक भी सवाल नहीं पूछा। अगर मैं चार दिन का रणजी मैच खेल सकता हूं, तो 50 ओवर का वनडे क्यों नहीं खेल सकता? अगर मैं फिट नहीं होता तो एनसीए में होता, रणजी नहीं खेल रहा होता।”

ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर, रणजी में करेंगे वापसी

ऑस्ट्रेलिया दौरे के सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर होने के बावजूद शमी को बंगाल की रणजी टीम में शामिल किया गया है।

15 अक्टूबर से शुरू हो रहे रणजी सीजन में वह हिस्सा लेंगे। बंगाल टीम की कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन के हाथों में होगी।

सेलेक्टर्स का तर्क – “नियमित अभ्यास की कमी”

मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने शमी को टीम से बाहर रखने की वजह लगातार क्रिकेट नहीं खेलना बताया। उनका कहना था कि शमी को चयन के लिए मैच प्रैक्टिस की ज़रूरत है।

शमी का इंटरनेशनल रिकॉर्ड

शमी ने आखिरी बार टीम इंडिया के लिए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था। टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार आगाज़ करते हुए बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट चटकाए थे और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन विकेट लिए थे।

क्या टीम इंडिया में होगी वापसी?

शमी ने साफ संकेत दिया है कि वह अब भी क्रिकेट करियर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। घरेलू सीजन में उनका प्रदर्शन और फिटनेस ही तय करेगी कि क्या चयनकर्ता उन्हें दोबारा भारतीय टीम में मौका देंगे या नहीं।

Also Read: ‘मुझे बनाओ निशाना…’, हर्षित राणा के सपोर्ट में उतरे हेड कोच गौतम गंभीर, श्रीकांत पर किया कड़ा पलटवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.