मुरादाबाद के 150 गांवों में तेंदुओं की दहशत, 27 हमलों में 5 की मौत, खेतों में जाने से डर रहे लोग

Leopard Terror in Moradabad: रामगंगा नदी के खादर में कभी गन्ने के खेत किसानों की रोजी-रोटी का सहारा हुआ करते थे, लेकिन अब यही खेत उनके लिए डर की वजह बन गए हैं। गन्ने की ऊंची फसल में तेंदुए छिपे होने की आशंका के चलते किसान खेतों में जाने से भी घबरा रहे हैं।

मुरादाबाद में वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक तेंदुए 27 लोगों पर हमला कर चुके हैं। इनमें पांच लोगों की मौत हो गई। तीन अगस्त को लालापुर पीपलसाना की संतोष देवी, 19 अगस्त को बलिया की विरमो देवी और 25 अगस्त को इसी गांव की मिथलेश सैनी की खेतों में तेंदुए के हमले में जान गई। 29 अगस्त को बलिया के दिव्यांग जगराज सैनी को तेंदुआ घर से खींचकर गन्ने के खेत में ले गया, जहां उनकी मौत हो गई।

इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है। बच्चों का स्कूल जाना, महिलाओं का खेतों की ओर जाना और पशुओं के लिए चारा लाना तक मुश्किल हो गया है। रात में ग्रामीण टोली बनाकर पहरा दे रहे हैं।

2012 में दिखा था पहला तेंदुआ

मुरादाबाद के जंगलों में 100 से अधिक तेंदुओं की मौजूदगी बताई जा रही है। वन विभाग के मुताबिक जिले के करीब 150 गांव तेंदुआ प्रभावित हैं। कांठ और ठाकुरद्वारा तहसील के अधिकतर गांवों में खतरा है, जबकि मुरादाबाद तहसील के कुछ इलाकों और बिलारी में भी तेंदुए देखे गए हैं।

रामगंगा नदी किनारे तराई के 52 गांवों में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। बाढ़ के दौरान तेंदुए गन्ने के खेतों से निकलकर सूखे स्थानों और आबादी की ओर बढ़ जाते हैं। वहीं गन्ने की कटाई शुरू होने पर उनका छिपने का ठिकाना खत्म होने से वे खुले में नजर आने लगते हैं।

बताया जाता है कि 2012 में कांठ क्षेत्र में पहली बार तेंदुआ (Leopard) दिखाई दिया था। इसके बाद अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और बिजनौर के रास्ते मुरादाबाद के जंगलों तक इनकी मौजूदगी बढ़ती गई।

इस साल 29 तेंदुए पकड़े गए

वन विभाग ने तेंदुओं (Leopard) को पकड़ने और निगरानी का अभियान तेज किया है। इस साल अब तक 29 तेंदुए पिंजरों में कैद किए जा चुके हैं, जिनमें तीन अगस्त के बाद पकड़े गए 14 तेंदुओं को रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।

वन संरक्षक आदर्श कुमार ने कहा कि तेंदुओं को पकड़ने का अभियान लगातार चल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी के साथ खेतों में जाने की अपील की। उनके मुताबिक जागरूकता बढ़ने से बिजनौर में तेंदुओं के हमलों में कमी आई है।

Also Read: Moradabad News: सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने पर सपा नेता हाजी उस्मान पर मुकदमा दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.