बिजनेसमैन से कनेक्शन और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में घिरे नेपाल के गृह मंत्री ने दिया इस्तीफा
Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल के गृह मंत्री सुदान गुरुंग ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा उस विवाद के बाद आया है जिसमें गुरुंग पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी बिजनेसमैन दीपक भट्टा के साथ व्यापारिक संबंधों का आरोप लगा था। गुरुंग ने सोशल मीडिया पर अपने निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि वे नैतिकता और निष्पक्ष जांच के लिए पद छोड़ रहे हैं।
नेपाली मीडिया द हिमालयन टाइम्स के अनुसार, गृह मंत्री सुदान गुरुंग पर निम्नलिखित कई गंभीर आरोप लगे हैं। गुरुंग स्टार माइक्रो इंश्योरेंस कंपनी में शेयर होल्डर हैं। इसी कंपनी में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी दीपक भट्टा, सुलव अग्रवाल और शंकर ग्रुप के बड़े व्यवसायी पार्टनर हैं।
उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने आधिकारिक संपत्ति विवरण में इन शेयरों का जिक्र नहीं किया था। हालांकि, गुरुंग ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके सभी निवेश काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की वेबसाइट पर लिस्टेड हैं। शुरुआती रजिस्टर में गुरुंग का नाम 49वें नंबर पर है और उनका 2.5 मिलियन रुपये का निवेश बताया जा रहा है।
नैतिकता पद से बड़ी है: सुदान गुरुंग
गुरुंग ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने इस्तीफे की वजह स्पष्ट की कि मुझसे जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और हितों के टकराव से बचने के लिए मैंने इस्तीफा दिया है। मेरे लिए पद से बड़ी नैतिकता है और लोक आस्था से बड़ी कोई शक्ति नहीं है। उन्होंने नेपाल के जनरल जेड (Gen Z) आंदोलन का भी जिक्र किया, जो देश में सुशासन और पारदर्शिता की मांग कर रहा है।
बालेंद्र शाह सरकार के लिए मुश्किलें बढ़ीं
नेपाल में 5 मार्च, 2026 को हुए चुनावों के बाद 27 मार्च को बालेंद्र शाह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। महीने भर के भीतर ही उनकी कैबिनेट को दो बड़े झटके लगे हैं।
श्रमिक मंत्री कुमार शाह: इन्हें पहले ही अनुशासनहीनता के आरोप में हटाया जा चुका है।
गृह मंत्री सुदान गुरुंग: अब गुरुंग के इस्तीफे ने सरकार की छवि पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
Also Read: PM मोदी के काशी दौरे से पहले कांग्रेस का ‘पोस्टर वॉर’, अजय राय बोले- पहले जसोदा बेन को दें सम्मान

