नीतीश कुमार रेड्डी आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज से बाहर, इस ऑलराउंडर को मिला मौका

Nitish Kumar Reddy Injury: भारतीय क्रिकेट टीम का 26 जून से आयरलैंड दौरा शुरू होने जा रहा है, जहां दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंडिया को 1 जुलाई से इंग्लैंड में पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। लेकिन इन अहम सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण दोनों दौरों से बाहर हो गए हैं।

बीसीसीआई के अनुसार, नीतीश कुमार रेड्डी की बाईं जांघ की मांसपेशियों में सूजन और रेशे टूटने की समस्या है। उन्हें कम से कम एक महीने तक बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब करना होगा। नीतीश को यह चोट अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में गेंदबाजी के दौरान लगी थी। इसके बाद वह लगातार फिट नहीं रह सके और कई मैचों से बाहर रहे।

सूर्यांश शेडगे को पहली बार मिला मौका

बीसीसीआई ने नीतीश की जगह 23 वर्षीय ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल किया है। यह उनके करियर का पहला मौका है जब उन्हें सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली है। चयन समिति ने यह फैसला आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए किया है।

सूर्यांश शेडगे

घरेलू और इंडिया ए में शानदार प्रदर्शन

सूर्यांश शेडगे ने हाल ही में श्रीलंका में हुई वनडे ट्राई सीरीज में इंडिया ए के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने पांच मैचों में 147 रन बनाए और 23 ओवर गेंदबाजी भी की। इसके अलावा वह मुंबई की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे, जहां उन्होंने 251.92 के स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए थे।

हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी से बढ़ी जिम्मेदारी

टीम इंडिया पहले ही हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी से जूझ रही है। अब नीतीश कुमार रेड्डी के बाहर होने से ऑलराउंडर विभाग पर और असर पड़ा है। हार्दिक भी पैर की चोट के कारण लंबे समय से बाहर हैं और उनकी वापसी को लेकर कोई समय तय नहीं किया गया है। ऐसे में अब टीम मैनेजमेंट की नजर नए खिलाड़ियों पर होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.