अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में MP से एक आरोपी गिरफ्तार
UP News: समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मध्य प्रदेश के रीवा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि अदालत में पेशी के बाद उसे जमानत मिल गई।
मामला 11 जून को दर्ज कराई गई एक शिकायत के बाद सामने आया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर एक तस्वीर को एडिट कर उसके साथ अनुचित टिप्पणियां पोस्ट की गईं, जिससे अदिति यादव की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट (IT Act) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। इनमें नागेश्वर सिंह बघेल, भरत पटेल और विनोद कुमार के नाम शामिल हैं।
साइबर जांच में सामने आया आरोपी का नाम
एफआईआर दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल गतिविधियों की जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान नागेश्वर सिंह बघेल की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे रीवा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
विदेश से ऑपरेट हो रहा एक अकाउंट
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि मामले में नामजद एक अन्य आरोपी भरत पटेल का सोशल मीडिया अकाउंट भारत से नहीं बल्कि विदेश से संचालित हो रहा है। शुरुआती जांच में उसकी लोकेशन अमेरिका के पेंसिल्वेनिया (Pennsylvania) राज्य में मिली है।
वहीं तीसरे आरोपी विनोद कुमार के बारे में जानकारी मिली है कि वह उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला है और ऑटो चलाकर अपना जीवनयापन करता है। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल साइबर पुलिस सभी डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: आगरा में STF की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी NDPS आरोपी गिरफ्तार

