डायबिटीज में प्याज खाना कितना फायदेमंद? ब्लड शुगर पर ऐसे पड़ सकता है असर
Onion Benefits: डायबिटीज आज एक आम स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। खानपान और जीवनशैली में बदलाव के कारण इसका खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में डाइट का ध्यान रखना ब्लड शुगर मैनेजमेंट में अहम भूमिका निभाता है। कुछ शोधों में प्याज को भी डायबिटीज के लिए संभावित रूप से फायदेमंद बताया गया है। इसमें क्वेरसेटिन, सल्फर कंपाउंड्स, क्रोमियम, फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं।
2010 से 2024 के बीच प्याज यानी Allium cepa पर हुई रिसर्च के विश्लेषण में इसके एंटीऑक्सिडेंट प्रभाव, ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म और इंसुलिन संवेदनशीलता पर संभावित लाभ की बात सामने आई। क्वेरसेटिन कोशिकाओं में ग्लूकोज के इस्तेमाल को प्रभावित कर सकता है। प्याज में मौजूद सल्फर कंपाउंड भी ब्लड शुगर नियंत्रण में सहायक भूमिका निभा सकते हैं।

फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट का भी रोल
प्याज में मौजूद फाइबर भोजन से ग्लूकोज के अवशोषण की गति को धीमा करने में मदद कर सकता है। हालांकि, प्याज का रस निकालने पर इसका काफी फाइबर कम हो जाता है। वहीं एंटीऑक्सिडेंट शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं।
क्रोमियम भी इंसुलिन संवेदनशीलता से जुड़ा पोषक तत्व है। इससे ब्लड शुगर मैनेजमेंट में मदद मिलने की संभावना बताई गई है।

प्याज दवा का विकल्प नहीं
विशेषज्ञों के अनुसार केवल प्याज खाने से डायबिटीज को कंट्रोल नहीं किया जा सकता। डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेना, संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रित रखना, पर्याप्त नींद और ब्लड शुगर की नियमित जांच जरूरी है। प्याज को डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है, लेकिन इसे किसी भी दवा या इलाज का विकल्प नहीं मानना चाहिए। इसके प्रभावों को लेकर अभी और रिसर्च की जरूरत है।

