Operation Sindoor Film: कार्तिक आर्यन निभाएंगे लीड रोल, विवेक अग्निहोत्री करेंगे निर्देशन

Operation Sindoor Film: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर अब फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री करेंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता कार्तिक आर्यन को फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए चुना गया है। हालांकि, उनके किरदार और कहानी में उनकी भूमिका को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ‘Operation Sindoor: The Untold Story of India’s Deep Strikes Inside Pakistan’ पर आधारित होगी। विवेक अग्निहोत्री ने मार्च में इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी। अब फिल्म में कार्तिक आर्यन के जुड़ने की खबर सामने आई है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में पहली बार साथ काम करेंगे कार्तिक और विवेक

‘वैराइटी’ की रिपोर्ट के अनुसार, कार्तिक आर्यन इस फिल्म में लीड रोल निभाएंगे। फिलहाल वह निर्देशक शिमित अमीन की फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म का काम पूरा होने के बाद वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर काम शुरू करेंगे।

विवेक अग्निहोत्री और कार्तिक आर्यन पहली बार किसी फिल्म में साथ काम करेंगे। विवेक इससे पहले ‘द ताशकंद फाइल्स’, ‘द कश्मीर फाइल्स’, ‘द वैक्सीन वॉर’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्में बना चुके हैं।

कार्तिक के किरदार का नाम क्या होगा और कहानी में उनकी भूमिका किस तरह की होगी, इस बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है। फिल्म से जुड़ी दूसरी जानकारियां भी आगे सामने आने की उम्मीद है।

‘कैप्टन इंडिया’ के बाद ‘नागजिला’ में दिखेंगे कार्तिक

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अलावा कार्तिक आर्यन के पास कई अन्य प्रोजेक्ट भी हैं। ‘कैप्टन इंडिया’ के बाद उनकी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नागजिला’ भी रिलीज के लिए तैयार होने वाले प्रोजेक्ट्स में शामिल है।

‘नागजिला’ का मोशन पोस्टर पहले ही जारी किया जा चुका है। यह फिल्म 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऐसे में कार्तिक के आने वाले प्रोजेक्ट्स में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भी एक अहम फिल्म मानी जा रही है।

विवेक अग्निहोत्री ने फिल्म को लेकर क्या कहा था?

विवेक अग्निहोत्री ने मार्च में सोशल मीडिया के जरिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ बनाने की घोषणा की थी। उस समय उन्होंने बताया था कि फिल्म की कहानी पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुई घटनाओं पर आधारित होगी। उन्होंने यह भी कहा था कि फिल्म के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर गहन शोध किया गया है।

फिल्म की घोषणा करते हुए विवेक ने लिखा था, “यह कहानी पहलगाम आतंकी हमले के बाद की घटनाओं पर बेस्ड होगी। इसके लिए भारतीय आर्म्ड फोर्सेज के साथ मिलकर ग्राउंड लेवल पर डीप रिसर्च की गई है। यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित होगी… जिसका मकसद सिर्फ शोर मचाना नहीं, बल्कि तथ्यों, साफगोई और सिनेमा के जादू के जरिए सच्चाई का सामना करना है।”

फिल्म की कहानी, कार्तिक आर्यन के किरदार और रिलीज की तारीख से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है। आने वाले समय में इस प्रोजेक्ट को लेकर और अपडेट सामने आ सकते हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.