मोहन यादव के बचाव में उतरे अखिलेश पर भड़के ओवैसी, बोले- सपा का समाजवाद सिर्फ यादव समाजवाद है
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पक्ष में दिए गए एक बयान के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के सीधे निशाने पर आ गए हैं। ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला है।
ओवैसी ने तंज कसते हुए लिखा, मोहनजी के सम्मान में, अखिलेश भैया मैदान में… एक भाई बस अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश में जब भी मुसलमानों को निशाना बनाया जाता है या उन पर झूठे आरोप लगाकर जेल भेजा जाता है, तब अखिलेश यादव की हमदर्दी कहाँ चली जाती है? ओवैसी ने आरोप लगाया कि सपा का “समाजवाद” असल में केवल “यादव समाजवाद” बनकर रह गया है।
अखिलेश ने जताया था सीएम पद से हटाने की साजिश का अंदेशा
इस सियासी घमासान की शुरुआत अखिलेश यादव के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए खुलकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का बचाव किया था। सपा प्रमुख ने कहा कि पूर्व में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े रहे एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सिर्फ मोहन यादव ही नहीं, बल्कि राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा सहित भाजपा के तीन मुख्यमंत्रियों को उनके पद से हटाने की तैयारी चल रही है।
वहीं दूसरी तरफ, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े आरोपों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने इस कथित जमीन घोटाले की स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग करते हुए मोहन यादव को पद से हटाने की वकालत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कटाक्ष किया कि अयोध्या और उज्जैन तो सिर्फ झांकी हैं, काशी-मथुरा अभी बाकी हैं, जहाँ भाजपा और आरएसएस के लोग कथित लूट की तैयारी में हैं।
Also Read: Siddharthnagar News: बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास 162 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, तीन साथी फरार

