पीएम की अपील का बाजार पर असर, रियल एस्टेट और ज्वेलरी शेयरों में लगातार दूसरे दिन गिरावट
Sandesh Wahak Digital Desk : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर अब शेयर बाजार में भी साफ दिखाई देने लगा है। रियल एस्टेट और ज्वेलरी सेक्टर के शेयरों में लगातार दूसरे दिन बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिससे इन सेक्टर की कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
ज्वेलरी और रियल एस्टेट शेयरों में भारी बिकवाली
मंगलवार को बाजार में Brigade Enterprises, Prestige Estates और Puravankara के शेयरों में करीब 3 फीसदी तक गिरावट देखी गई। वहीं ज्वेलरी सेक्टर में Titan, Kalyan Jewellers और Senco Gold के शेयरों में 5 फीसदी तक की कमजोरी दर्ज की गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद निवेशकों ने इन सेक्टर में सतर्क रुख अपनाया है, जिससे बिकवाली बढ़ी है।
पीएम मोदी की अपील को बाजार ने गंभीरता से लिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच देशवासियों से अगले एक साल तक सोने की खरीद कम करने और जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की थी। इसके बाद बाजार में यह संकेत गया कि सरकार आने वाले समय में कुछ आर्थिक और वित्तीय कदम उठा सकती है।
ब्रोकरेज फर्म JM Financial का कहना है कि प्रधानमंत्री के बयान को संभावित राजकोषीय और मौद्रिक उपायों के संकेत के तौर पर देखा जाना चाहिए। अगर पश्चिम एशिया का तनाव लंबा खिंचता है, तो सरकार ईंधन कीमतों में चरणबद्ध बढ़ोतरी, सोने के आयात शुल्क में बदलाव और विदेशी निवेश से जुड़े नियमों में कुछ अस्थायी बदलाव कर सकती है।
सोने के आयात और रुपये पर दबाव की चिंता
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना आयात करने वाले देशों में शामिल है। ऐसे समय में जब कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हों और वैश्विक अनिश्चितता बनी हो, ज्यादा सोने का आयात देश के व्यापार घाटे और रुपये पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील का लंबी अवधि में सोने की मांग पर बड़ा असर नहीं पड़ सकता, लेकिन अल्पकाल में ज्वेलरी खरीदारी जरूर धीमी पड़ सकती है। खासतौर पर शादी और त्योहारों के सीजन से पहले इस अपील ने ज्वेलरी कारोबार से जुड़ी कंपनियों के लिए चिंता बढ़ा दी है।

