प्रतीक यादव का भैंसाकुंड में हुआ अंतिम संस्कार, सपा और बीजेपी के दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। लखनऊ के भैंसाकुंड (बैकुंठ धाम) घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उन्हें मुखाग्नि उनकी पत्नी अपर्णा यादव के पिता, अरविंद सिंह बिष्ट ने दी। अंतिम यात्रा के दौरान उनके चचेरे भाई आदित्य यादव और परिवार के अन्य सदस्यों ने अर्थी को कंधा दिया। इस दुखद घड़ी में सपा और बीजेपी के दिग्गजों समेत भारी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुँचे।

आवास पर उमड़ा जनसैलाब, दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार से पूर्व प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर दर्शनों के लिए विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा गया था। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राकेश सचान और केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा के कई नेता उन्हें नमन करने पहुँचे। वहीं, अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव और तेज प्रताप यादव सहित पूरा यादव कुनबा इस शोक की घड़ी में एक साथ नजर आया। उनकी पत्नी अपर्णा यादव और दोनों बेटियां स्वामी अवधेशानंद गिरी के साथ घाट पर मौजूद रहीं।

प्रतीक यादव को पशु प्रेमी (Animal Lover) के तौर पर जाना जाता था, उनकी अंतिम विदाई की गाड़ी पर भी जानवरों के साथ उनकी तस्वीरें लगाई गई थीं। प्रतीक, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे।
Also Read: पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से दो की मौत, कई घायल

