दिल्ली के कालकाजी में प्रॉपर्टी डीलर की पीट-पीटकर हत्या, बचाने पहुंचे भाई का तोड़ा पैर
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके कालकाजी से हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहाँ एक 48 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर की लात-घूंसे और भारी वस्तु से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मंजीत सिंह (48) के रूप में हुई है। इस हमले में मंजीत को बचाने आए उनके छोटे भाई को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उनका पैर टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल भाई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक ही परिवार के सदस्यों पर हत्या का आरोप
मृतक की बहन ने बातचीत में पड़ोसी परिवार पर इस जघन्य हत्याकांड का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि रज्जी चौधरी नाम की महिला, उनके पति, बेटों और बेटी ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। मृतक की बहन के अनुसार, आरोपियों ने पहले मंजीत के सिर पर किसी भारी चीज से जोरदार वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पूरा परिवार उन पर टूट पड़ा और तब तक लात-घूंसे बरसाता रहा जब तक कि उनकी मौके पर ही मौत नहीं हो गई।
परिजन ने बताया कि सूचना मिलते ही जब वे मौके पर पहुँचे तो रज्जी चौधरी और उनके परिवार के लोग मंजीत को लगातार पीट रहे थे। जब छोटे भाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसके साथ भी बर्बरता की, जिससे उसका पैर टूट गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना में रज्जी चौधरी, उनके पति और चार अन्य लड़के शामिल थे। मंजीत की बहन ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से सभी दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिल्ली पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Also Read: मुंबई में रफ्तार का कहर, ब्रिज से नीचे गिरी BMW, 3 की मौके पर मौत, एक युवक गंभीर

