मुंबई में रफ्तार का कहर, ब्रिज से नीचे गिरी BMW, 3 की मौके पर मौत, एक युवक गंभीर
Mumbai BMW Accident: मुंबई के कोस्टल रोड (Coastal Road) पर रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। लोटस जेट्टी के पास एक तेज रफ्तार BMW कार ब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 20 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना सुबह करीब 5:20 बजे की बताई जा रही है।
बताया गया कि BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। लाला कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास तेज रफ्तार के कारण कार दुर्घटनाग्रस्त हुई और ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया।
नायर अस्पताल में 3 को मृत घोषित किया गया
हादसे (Mumbai BMW Accident) के बाद चार लोगों को इलाज के लिए नायर अस्पताल (Nair Hospital) ले जाया गया। अस्पताल के CMO के मुताबिक, तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक 20 वर्षीय युवक को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ की पहचान हुई है। तीसरा मृतक करीब 25 साल का बताया जा रहा है, लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि हादसा वास्तव में किन परिस्थितियों में हुआ और BMW ब्रिज से नीचे कैसे गिरी, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी। ताजा रिपोर्टों में भी तीन मौत और एक गंभीर घायल होने की पुष्टि की गई है।
Also Read: मुंबई में गणपति पंडाल के पास करंट से हादसा, 8 साल की बच्ची समेत 2 की मौत, कई घायल

