पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, 7 घंटे की छापेमारी के बाद ED का एक्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के सीएम भगवंत मान की मुश्किलें शनिवार को उस वक्त बढ़ गईं, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर करीब 7 घंटे तक चली लंबी छापेमारी और पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की गई। अपुष्ट सूचनाओं के अनुसार, मंत्री के बेटे को भी हिरासत में लिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई 100 करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जी जीएसटी खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग (धनशोधन) से जुड़े एक नए मामले में की गई है। ईडी की टीमों ने शनिवार सुबह एक साथ चंडीगढ़, दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम सहित कुल पांच ठिकानों पर दबिश दी। इसमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नामक कंपनी के परिसर भी शामिल हैं।
62 वर्षीय संजीव अरोड़ा लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक हैं। गौर करने वाली बात यह है कि केंद्रीय एजेंसी ने यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत दर्ज एक नए मामले में की है। इससे पहले अप्रैल में भी ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत अरोड़ा और उनसे जुड़ी इकाइयों पर छापेमारी की थी। इस गिरफ्तारी के बाद पंजाब की सियासत में भूचाल आ गया है।
Also Read: कैबिनेट मंत्री के घर ईडी की रेड पर बरसे सीएम भगवंत मान, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

