राहुल गांधी ने सुधाकरन के साथ साझा किया मंच, बोले- लेफ्ट में अब कुछ भी लेफ्ट नहीं बचा

Sandesh Wahak Digital Desk: केरल विधानसभा चुनाव के अंतिम दौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) और केंद्र की भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला। अलाप्पुझा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि केरल का वामपंथी नेतृत्व अब अपनी विचारधारा से भटक चुका है और जनता से पूरी तरह कट गया है।

इस रैली की सबसे खास बात रही पूर्व दिग्गज वामपंथी नेता जी. सुधाकरन की मौजूदगी। सुधाकरन, जो चार बार विधायक और दो बार मंत्री रह चुके हैं, हाल ही में सीपीएम से निकाले जाने के बाद अब यूडीएफ (UDF) के समर्थन से मैदान में हैं। राहुल गांधी ने कहा, सुधाकरन जी किसी लालच में यहाँ नहीं आए हैं, बल्कि उन्होंने देखा है कि वाम दलों के भीतर बुनियादी रूप से कुछ गलत हो रहा है। उनकी मौजूदगी गवाही है कि समर्पित कार्यकर्ता अब वहां खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

पिनाराई विजयन और मोदी के बीच गुप्त समझौता

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें एक ही सिक्के के दो पहलू बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में वाम नेतृत्व के भीतर एक छिपा हुआ सांप्रदायिक प्रभाव काम कर रहा है। राजनीतिक फायदे के लिए ये लोग भाजपा-आरएसएस के साथ समझौता करने को तैयार हैं। यही वजह है कि पीएम मोदी राज्य के अहम मुद्दों पर चुप रहते हैं और वाम दलों के प्रति नरम रुख अपनाते हैं, क्योंकि उनकी असली लड़ाई तो कांग्रेस और यूडीएफ से है।

अहंकार और जनता से दूरी

राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने से नेताओं में भ्रम और अहंकार पैदा हो जाता है। उन्होंने कहा कि विजयन और मोदी दोनों ही जनता की जमीनी हकीकत से दूर हो चुके हैं। उन्होंने राज्य में बढ़ते नशे के मामलों, बेरोजगारी और किसानों (खासकर कॉयर और धान क्षेत्र) की बदहाली के लिए सरकार की विफलता को जिम्मेदार ठहराया। चुनाव जीतने पर राहुल गांधी ने जनता के लिए कई बड़े वादों की झड़ी लगा दी।

महिलाओं के लिए: बस में मुफ्त यात्रा और कॉलेज छात्राओं को हर महीने 1,000 रुपये।

सामाजिक सुरक्षा: 3,000 रुपये की मासिक सामाजिक पेंशन।

स्वास्थ्य: हर परिवार के लिए 25 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा।

Also Read: Rampur News: प्रशासन ने छह स्पा सेंटरों को किया सील, बिना NOC और कागजों के चल रहा था खेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.