NEET परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी का तीखा प्रहार, बोले- युवाओं के लिए जहर काल बन गया है प्रधानमंत्री का अमृत काल

Sandesh Wahak Digital Desk: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के फैसले के बाद देश भर के छात्रों में उपजे आक्रोश के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। राहुल गांधी ने इस स्थिति को युवाओं के भविष्य के खिलाफ एक संगठित अपराध करार देते हुए कहा कि भ्रष्ट शासन ने लाखों छात्रों के सपनों को कुचल दिया है।

परिवारों के संघर्ष का किया जिक्र

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन लाखों परिवारों के दर्द को बयां किया, जो अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने के लिए अपनी जमा-पूंजी लगा देते हैं। उन्होंने लिखा, किसी पिता ने कर्ज लिया, तो किसी मां ने अपने गहने बेच दिए ताकि उनका बच्चा पढ़ सके। लेकिन बदले में उन्हें क्या मिला? केवल पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और भ्रष्टाचार।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार जड़ें जमा चुका है। राहुल ने कहा कि हर बार पेपर माफिया साफ बच निकलता है और इसकी सजा उन ईमानदार छात्रों को भुगतनी पड़ती है जिन्होंने दिन-रात मेहनत की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी छात्र का भविष्य कड़ी मेहनत के बजाय ‘पैसे और रसूख’ से तय होगा, तो शिक्षा के मायने ही खत्म हो जाएंगे। राहुल गांधी ने चिंता जताई कि परीक्षा रद्द होने से 22 लाख से अधिक छात्र अब भारी मानसिक तनाव और आर्थिक बोझ के दौर से गुजरेंगे।

अमृत काल पर कटाक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमृत काल विजन पर सीधा प्रहार करते हुए राहुल गांधी ने इसे देश के लिए जहर काल बताया। उन्होंने इस विफलता को केवल सिस्टम की चूक मानने से इनकार करते हुए इसे युवाओं के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार दिया। राहुल गांधी ने मांग की कि इस पूरे मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी छात्र की मेहनत के साथ खिलवाड़ न हो सके।

Also Read: विनेश फोगाट के समर्थन में साक्षी मलिक ने PM मोदी से लगाई गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.