सोना न खरीदने की PM मोदी की अपील पर राहुल गांधी का तीखा हमला, बोले- ‘ये उपदेश नहीं, नाकामी के सबूत’

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान युद्ध और वैश्विक हालात के बीच देशवासियों से संसाधनों की बचत की अपील करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सियासी घमासान तेज हो गया है।

प्रधानमंत्री की अपील पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने इसे ‘उपदेश नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी का प्रमाण’ बताया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देशवासियों से अपील की थी कि वे सोना न खरीदें, विदेश यात्राएं कम करें, पेट्रोल-डीजल की खपत घटाएं और कंपनियां वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दें।

उन्होंने कहा था कि वैश्विक तनाव के चलते ईंधन महंगा हुआ है, इसलिए बचत जरूरी है। साथ ही, कोविड काल का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऑनलाइन मीटिंग और घर से काम जैसी व्यवस्थाओं को फिर प्राथमिकता देने की जरूरत बताई।

इस पर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री जनता से त्याग मांग रहे हैं—“सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो।”

उन्होंने कहा कि यह उपदेश नहीं, बल्कि 12 वर्षों की नीतिगत विफलताओं का नतीजा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देती है ताकि खुद जवाबदेही से बच सके। उन्होंने यह भी कहा कि “देश चलाना अब ‘कम्प्रोमाइज़्ड पीएम’ के बस की बात नहीं रही।”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि ईरान युद्ध के कारण दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं, इसलिए ईंधन की बचत बेहद जरूरी है।

उन्होंने खाद की कीमतों का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरक महंगा है, वहीं भारत में किसानों को भारी सब्सिडी के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रधानमंत्री की अपील और उस पर विपक्ष की प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।

एक ओर सरकार वैश्विक परिस्थितियों में संसाधन बचत को समय की जरूरत बता रही है, तो वहीं विपक्ष इसे आर्थिक प्रबंधन की असफलता करार दे रहा है।

Also Read: सिपाही ने वीडियो जारी कर सीएम योगी से पूछा, क्या मैं आतंकवादी हूँ…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.