दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड, कई राज्यों में अलर्ट जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रक्षा बंधन के दिन शनिवार को सुबह से देर रात तक कई इलाकों में तेज बारिश होती रही, जिससे सड़कों पर भारी जाम लग गया और लोगों को त्योहार के मौके पर खासी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में बारिश का सिलसिला 12 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है, जबकि 15 अगस्त को हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और यह 22 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 9 अगस्त को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 7.8 डिग्री कम है और अगस्त माह का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले 2012 में अगस्त का सबसे कम अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस था। खराब मौसम की वजह से शनिवार को लगभग 300 फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं। बारिश के चलते यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने दिल्ली और गाजियाबाद के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है।

बारिश का अलर्ट जारी है

केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में हाल के दिनों में हुई प्राकृतिक आपदाओं के कारण 362 सड़कें बंद हो चुकी हैं। शिमला मौसम केंद्र ने रविवार को कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि सोमवार से बुधवार तक दो से चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार हो रही बारिश जहां मौसम को सुहावना बना रही है, वहीं यातायात, उड़ानों और बाढ़ के खतरे ने प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Also Read: एयरपोर्ट पर अल्लू अर्जुन ने तोड़े नियम, CISF जवान से बदसलूकी का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.