बदायूं में रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, 3 युवकों की मौके पर ही मौत, हाईवे पर बिखरे शव
Budaun Road Accident: बदायूं के फैजगंज बेहटा (Faizganj Behta) थाना क्षेत्र में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मुड़िया सेंडोला के पास रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सड़क पर तीनों शव पड़े होने और वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
नितिन बीए का छात्र था, पिता हैं गांव के प्रधान
मृतकों की पहचान संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के नरौली चौकी के गांव भटौल निवासी नितिन, सचिन और विशाल के रूप में हुई है।
नितिन के पिता रामौतार गांव के प्रधान हैं। उसकी जेब से एसएम कॉलेज (SM College) का पहचान पत्र मिला। वह बीए की पढ़ाई कर रहा था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में एक बहन भी है। सचिन के पिता राजमिस्त्री हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
4 महीने पहले पिता की मौत, अब विशाल की भी जान गई
तीसरे मृतक विशाल पुत्र प्रताप के परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है। विशाल दो भाइयों में बड़ा था और उसका छोटा भाई आकाश है। उसके पिता की करीब चार महीने पहले बीमारी से मौत हुई थी।
विशाल की छह बहनें हैं, जिनमें चार की शादी हो चुकी है। पिता के बाद परिवार के बड़े बेटे की भी मौत से घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रोडवेज बस को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Also Read: NSA लगाने वाली DM मेधा रूपम पर हाईकोर्ट सख्त, 5 लाख का हर्जाना अफसरों की जेब से वसूलेगा कोर्ट

