साई सुदर्शन के शतक के बाद जुरेल-शेख रशीद का कमाल, पहले दिन 333/4 पर भारत ए
India A vs Sri Lanka A Test Match: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 25 जून से गाले में खेला जा रहा है। भारत ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम को साई सुदर्शन और आयुष पांडे ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन लंच से पहले आयुष पांडे 25 रन बनाकर आउट हो गए और भारत को पहला झटका लगा।
साई सुदर्शन का शानदार शतक
लंच के बाद तेज रन बनाने की कोशिश में देवदत्त पडिक्कल 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह 22 रन ही बना सके। इस बीच साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 175 गेंदों में 19 चौकों की मदद से 132 रन बनाए। उनकी इस बेहतरीन पारी ने भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि गुनासेकरा की गेंद पर दुलाज समुदिता ने उनका कैच पकड़कर पारी का अंत किया। खबर लिखे जाने तक कप्तान ध्रुव जुरेल 50 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे और उनके साथ शेख रशीद बल्लेबाजी कर रहे थे।
ट्राई सीरीज जीतने के बाद टेस्ट में भी नजरें जीत पर
हाल ही में भारत ए ने श्रीलंका में आयोजित ट्राई नेशन ए सीरीज का खिताब जीता था। फाइनल में मेजबान टीम को हराकर भारत ने ट्रॉफी अपने नाम की थी। उस टूर्नामेंट के स्टार वैभव सूर्यवंशी थे, जिन्होंने 29 गेंदों में 94 रन बनाए थे। हालांकि वह इस टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं और फिलहाल सीनियर टीम के साथ आयरलैंड दौरे पर हैं। माना जा रहा है कि 26 जून को उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिल सकता है।
लाइव टेलिकास्ट नहीं होगा उपलब्ध
भारत ए और श्रीलंका ए के बीच इस अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का भारत में लाइव टेलिकास्ट नहीं किया जा रहा है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों को स्कोर अपडेट के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा लेना होगा। यह सीरीज कई युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा अवसर मानी जा रही है।

