राष्ट्रगान पर BJP के आरोप से भड़के संदीप दीक्षित, अमित मालवीय को भेजा लीगल नोटिस
National Anthem Controversy: कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने राष्ट्रगान विवाद को लेकर BJP IT Cell प्रमुख अमित मालवीय को कानूनी नोटिस भेजा है। 15 अगस्त को भेजे गए इस नोटिस में मालवीय और बीजेपी से विवादित सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के साथ बिना शर्त माफी मांगने की मांग की गई है। नोटिस में कहा गया है कि दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 13 अगस्त को हुए रचनात्मक कांग्रेस राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान राष्ट्रगान को लेकर हुई घटना को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया।
संदीप दीक्षित की ओर से यह नोटिस अधिवक्ता अंबुज दीक्षित और अमरीश रंजन पांडे ने भेजा है। इसमें पूरी घटना की टाइमलाइन का हवाला देते हुए कहा गया है कि राष्ट्रगान बजने के बाद मंच पर मौजूद नेता कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे थे, तभी तकनीकी खराबी के कारण राष्ट्रगान दोबारा बज गया।
तकनीकी गड़बड़ी को बताया गया राष्ट्रगान का अपमान
नोटिस के मुताबिक, कार्यक्रम में राष्ट्रगान सामान्य तरीके से बजाया गया था। इसके बाद मंच पर मौजूद संदीप दीक्षित, राहुल गांधी और अन्य लोग यह समझकर आगे बढ़े कि राष्ट्रगान समाप्त हो चुका है। इसी दौरान ऑडियो सिस्टम में तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रगान दोबारा चल गया। ऑपरेटर ने तुरंत इसे बंद कर दिया।
कांग्रेस की ओर से दी गई टाइमलाइन के अनुसार, 59:55 मिनट पर संदीप दीक्षित लोगों से नारेबाजी नहीं करने की अपील करते हैं। इसके बाद 1:00:01 मिनट पर राष्ट्रगान शुरू होता है और करीब एक मिनट बाद 1:01:01 पर समाप्त होता है। इसके तुरंत बाद तकनीकी गड़बड़ी के चलते 1:01:02 पर राष्ट्रगान दोबारा शुरू हुआ, जिसे 1:01:08 पर रोक दिया गया।
बीजेपी की पोस्ट पर जताई आपत्ति
नोटिस में बीजेपी के आधिकारिक एक्स हैंडल @BJP4India से किए गए पोस्ट का भी जिक्र है। कांग्रेस का आरोप है कि पोस्ट में घटना को इस तरह पेश किया गया, जैसे राहुल गांधी ने जानबूझकर राष्ट्रगान का अपमान किया हो और यह उनके कथित ‘देश विरोधी रवैये’ को दर्शाता हो।
संदीप दीक्षित की ओर से भेजे गए Legal Notice में कहा गया है कि पूरी घटना एक तकनीकी चूक थी, जिसे जानबूझकर राष्ट्रगान के अपमान के रूप में पेश करना तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक है।
नोटिस में बीजेपी से विवादित पोस्ट हटाने, उसी एक्स हैंडल से बिना शर्त माफी और स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की गई है। साथ ही भविष्य में इस तरह के आरोप दोबारा नहीं लगाने को कहा गया है। घटना से संबंधित वीडियो, रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेज सुरक्षित रखने की भी मांग की गई है।
48 घंटे में जवाब नहीं तो मानहानि का केस
संदीप दीक्षित ने अमित मालवीय को जवाब देने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि तय समय में पोस्ट हटाकर माफी और स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया तो उनके खिलाफ मानहानि की कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
Also Read: राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी का तीखा पलटवार, भाषा के स्तर पर उठाए गंभीर सवाल

