Lucknow News: कैंसर के खिलाफ SGPGI का ‘AI’ प्रहार, 3 अप्रैल से शुरू होगा नेशनल ब्रेस्ट कैंसर कोर्स

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी का संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) ब्रेस्ट कैंसर के उपचार और अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई इबारत लिखने जा रहा है। 3 से 5 अप्रैल तक संस्थान परिसर में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय ‘नेशनल ब्रेस्ट कैंसर कोर्स’ आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के समावेश पर केंद्रित होगा। इस वर्ष की थीम “प्रिसिजन, प्रिजर्वेशन और पर्सनलाइजेशन” रखी गई है, जो इलाज को अधिक सटीक और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कैंसर की पहचान में AI बनेगा ‘गेम चेंजर’

संस्थान के ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित इस कोर्स में तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया है।

  • अभिषेक कृष्ण ने बताया कि AI आधारित डायग्नोसिस अब कैंसर की पहचान को न केवल तेज बना रहा है, बल्कि मानवीय त्रुटियों की संभावना को भी कम कर रहा है।
  • डॉ. संपनानंद के अनुसार, आने वाले समय में AI स्क्रीनिंग, स्टेजिंग और उपचार के निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर परिणाम मिल सकेंगे।
  • प्रो. सबेरतनम ने कहा कि ‘प्रिसिजन मेडिसिन’ के जरिए अब हर मरीज की शारीरिक स्थिति के अनुसार अलग उपचार रणनीति तैयार की जा रही है।

युवा डॉक्टरों के लिए ‘लर्निंग हब’

आयोजन सचिव एवं विभागाध्यक्ष प्रो. गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में हो रहे इस कोर्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें एमबीबीएस के अंडरग्रेजुएट छात्र भी हिस्सा लेंगे। भावी डॉक्टरों को करियर के शुरुआती स्तर पर ही कैंसर प्रबंधन की आधुनिक समझ और ‘ब्रेस्ट कंजर्वेशन सर्जरी’ जैसी उन्नत तकनीकों से रूबरू कराना है। इस कार्यक्रम में इंडियन एसोसिएशन ऑफ एंडोक्राइन सर्जंस, पैथोलॉजी और रेडियोथेरेपी विभाग भी सक्रिय रूप से भागीदारी करेंगे।

लाइव सेशन और विशेषज्ञ व्याख्यान

तीन दिनों तक चलने वाले इस कोर्स में ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान (Early Detection), सटीक जांच और आधुनिक सर्जरी तकनीकों पर देश भर के दिग्गज विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। एसजीपीजीआई की यह पहल स्पष्ट करती है कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई अब अधिक प्रभावी, सुरक्षित और तकनीक-सक्षम हो रही है।

Also Read: लखनऊ में घर लेने का सपना होगा पूरा, यहां बसने जा रहा है ‘नैमिष नगर’, जानें कब से शुरू होंगे आवेदन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.